जयपुर। राजधानी जयपुर में लूट और मारपीट की वारदात को अंजाम देकर फरार चल रहे इनामी आरोपी को पुलिस थाना श्याम नगर ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर 5000 का इनाम घोषित था और वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि 13 मार्च 2025 को परिवादी सुरेश नेहरा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
उन्होंने बताया कि रात करीब 2:30 बजे क्लब बंद कर नीचे आने के दौरान कुछ लोगों के बीच विवाद हो रहा था, जिन्हें समझाने पर अचानक कार में आए आरोपियों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने उनके साथी पर वार किया और उनके सिर पर भी हमला कर सोने की चेन व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
मामले में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी विमल कुमार मीणा घटना के बाद से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 13 अप्रैल 2026 को 5000 का इनाम घोषित किया गया था।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त सुनील कुमार शर्मा के निर्देशन तथा थानाधिकारी श्याम नगर देववीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी विमल कुमार मीणा (26) निवासी करौली हाल निवासी प्रताप नगर, जयपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी जयपुर शहर में ऑनलाइन एस्कॉर्ट सर्विस से भी जुड़ा हुआ था। उससे पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई में कांस्टेबल अजयपाल और कांस्टेबल पवन कुमार की विशेष भूमिका रही, जिनकी सराहना की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।



















