परकोटा गणेश मंदिर में फाग की मस्ती: भजनों पर झूमीं महिला मंडल

0
26

जयपुर। गुलाबी नगरी में फाल्गुन की रंगत अब परवान पर है। चांदपोल स्थित परकोटा गणेश जी महाराज के मंदिर में बुधवार को फाग महोत्सव का उल्लास नजर आया। मंदिर प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति और रंगों का अनूठा संगम देखने को मिला।

महोत्सव का शुभारंभ मंदिर के महंत पंडित अमित शर्मा के सानिध्य में हुआ। सर्वप्रथम गजानन महाराज का विभिन्न तीर्थों के जल से अभिषेक किया गया। इसके पश्चात भगवान को सिंदूर का चोला चढ़ाकर नवीन फाल्गुनी पोशाक धारण कराई गई। गणेश जी का विशेष श्रृंगार कर उन्हें गुलाल के गजरे पहनाए गए और फूलों से भव्य फाल्गुनी झांकी सजाई गई।

महंत पंडित अमित शर्मा ने बताया कि फाल्गुन के इस विशेष अवसर पर प्रथम पूज्य को शीतलता प्रदान करने के लिए ठंडाई, गुजिया, खीर और मालपुआ का विशेष भोग लगाया गया। मंदिर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को गुलाल का तिलक लगाकर फाग की बधाई दी गई।

बुधवार दोपहर में महिला मंडल द्वारा भजन संकीर्तन का आयोजन किया गया। “होली खेलें गणेश गजानन…” जैसे फाल्गुनी भजनों पर श्रद्धालु महिलाएं जमकर थिरकीं। पूरा मंदिर परिसर अबीर-गुलाल और भजनों की स्वर लहरियों से सराबोर हो गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here