जयपुर। गलता गेट थाना इलाके में स्थित बासबदनपुरा के शिवा कॉलोनी में शनिवार देर रात अचानक से गैस सिलेंडर में आग लग गई। जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। शोर-शराब की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे । जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंच पुलिस के एक पुलिसकर्मी ने अपनी सूझबुझ दिखाते हुए आग की लपटों से घिरे सिलेंडर को मकान से बाहर निकाला और आग पर काबू पाया। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
थानाधिकारी धर्म सिंह ने बताया कि थाना इलाके में स्थित शिवा कॉलोनी में शनिवार देर रात करीब 10 बजे एक मकान में गैस सिलेंडर में आग लग गई। सिलेंडर की आग ने मकान में रखे गद्दे और अन्य सामानों को अपनी चपेट में ले लिया। जिसके बाद मकान में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई और चीख-पुकार का माहौल बन गया। आवाज सुन के आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस के जवान ने गीले कपड़े की मदद से आग की लपटों में घिरे सिलेंडर को मकान से बाहर निकाल और आग पर काबू पाया। वहीं पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। समय रहते गैस सिलेंडर मकान से बाहर निकाल लेने से बड़ा हादसा होने से टल गया।



















