जयपुर। सिंधी समाज का पारंपरिक एवं धार्मिक पर्व ‘गोगिड़ो’ सोमवार को राजधानी में श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न झूलेलाल मंदिरों और घरों में महिलाओं ने सामूहिक रूप से नाग देवता (गोगिड़ो वीर) की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की।
पर्व के तहत महिलाओं ने पारंपरिक विधि से गाय के गोबर और पवित्र मिट्टी से नाग देवता की आकृति बनाई। इसके बाद धूप, दीप, पुष्प और अक्षत अर्पित कर विधिवत पूजन किया गया। गोगिड़ो वीर को एक दिन पूर्व तैयार किए गए ठंडे पकवानों का भोग लगाया गया। श्रद्धालुओं ने भी प्रसाद स्वरूप ठंडे व्यंजनों का सेवन किया।
पर्व के दौरान समाज बंधुओं ने जीव दया का संदेश देते हुए सपेरों से नाग-नागिन के जोड़े खरीदकर उन्हें सुरक्षित जंगलों में मुक्त कराया। वहीं, कई श्रद्धालुओं ने शिव मंदिरों में ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार कालसर्प योग निवारण के लिए विशेष पूजा-अर्चना भी की।



















