गोपाष्टमी गुरुवार को: गोशालाओं-मंदिरों में होगा गाय का पूजन

0
109

जयपुर। कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी गुरुवार को गोपाष्टमी पर्व के रूप में मनाई जाएगी। गौशालाओं और मंदिरों में गौमाता का पूजन किया जाएगा। सभी गौशालाओं में सुबह से देर शाम तक अनेक आयोजन होंगे। आराध्य देव गोविंद देव जी मंदिर में महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में श्रृंगार झांकी के बाद चांदी की गौ माता का वेद मंत्रोच्चारण के साथ पंचामृत अभिषेक कर विधिवत पूजन किया जाएगा।

इसके बाद साक्षात गाय का पूजन होगा। गाय के खुरों का पंचामृत अभिषेक कर शुद्ध जल से अभिषेक किया जाएगा। गाय की पूजा-अर्चना के बाद आरती की जाएगा और नए वस्त्र ओढ़ाए जाएंगे।

ज्योतिषाचार्य डॉ. महेन्द्र मिश्रा ने बताया कि हिंदू संस्कृति में गाय का विशेष स्थान है। गाय को मां का दर्जा भी प्राप्त है। गाय की रक्षा करने के कारण भगवान श्रीकृष्ण का अति प्रिय नाम गोविंद पड़ा। कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा से सप्तमी तक गाय, गोप, गोपियों की रक्षा के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को धारण किया था। उसी समय से अष्टमी को गोपाष्टमी का पर्व मनाया जाने लगा। इस दिन गाय, गुरु और गोविंद की पूजा करने से सुख-समृद्धि की वृद्धि होती है।

गौ मेले में उमड़ेंगे गौभक्त

सांगानेर की श्री पिंजरापोल, दुर्गापुरा, हिंगोनिया, ढहर के बालाजी, खोले के हनुमानजी, हाथोज, बगरु स्थित गौशालाओं में गोपाष्टमी पर सुबह से देर शाम तक अनेक आयोजन होंगे। विभिन्न धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं के लोग गायों के मध्य हरिनाम संकीर्तन करने के बाद गायों को हरा चारा, गुड़, दलिया, औषधीय लाडू, फल-सब्जी खिलाएंगे। बड़ी संख्या में गौ सवा मणि और गौ छप्पन भोग के कार्यक्रम होंगे। टोंक रोड सांगानेर स्थित श्री पिंजरापोल गौशाला में गोपाष्टमी पर प्रभातफेरी, गौ सेवा, भक्ति संध्या और गौ मेले का आयोजन किया जाएगा।

गौशाला परिसर में कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:30 बजे प्रभात फेरी और गायों के मध्य सामूहिक हरिनाम संकीर्तन से होगी। इसके बाद शाम 4 बजे से भव्य गौ मेला आरंभ होगा। आकर्षक झूले, भक्ति स्टॉल तथा गौसंरक्षण से सम्बन्धित प्रदर्शनी लगाई जाएंगी।

शाम 6 बजे भोजन प्रसादी का वितरण होगा और 6:30 बजे से भक्ति संध्या एवं भजन-संध्या का आयोजन होगा। मुख्य आकर्षण में श्री गिरिराज पर्वत एवं गौमाताओं की परिक्रमा, गौ पूजन, दीपदान एवं आरती होगी। पूरे परिवार सहित आने वाले लोगों का स्वागत किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here