पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ से गूंजा गोविंद देवजी मंदिर

0
103

जयपुर। आराध्य देव श्री गोविंद देवजी मंदिर में रविवार को माघ महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत गंगा, यमुना, सरस्वती, गोदावरी सहित अन्य पवित्र नदियों एवं प्रमुख तीर्थों का भावपूर्ण आह्वान कर हवन एवं विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद तीर्थ जल से उपस्थित श्रद्धालुओं पर अभिसिंचन किया गया, जिससे श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक शांति और पुण्य लाभ की अनुभूति की।

सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता करते हुए विश्व कल्याण की कामना के साथ पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ में यज्ञ भगवान को आहुतियां अर्पित कीं। महोत्सव का आयोजन मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सानिध्य में किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में गोविंद देवजी मंदिर के सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी ने ठाकुर श्री राधा गोविंद देवजी, वेद माता मां गायत्री एवं गुरु सत्ता का विधिवत पूजन कर दीप प्रज्वलन किया। देव पूजन में श्रद्धालुओं पुष्प-अक्षत से षोडशोपचार पूजन किया।महायज्ञ में पांच पारियों में 300 से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता की, जिनमें कई विदेशी श्रद्धालु भी शामिल रहे। समापन अवसर पर शांति, सद्भाव और विश्व कल्याण की मंगल कामना के साथ माघ महोत्सव संपन्न हुआ।

आचार्य पीठ से संबोधित करते हुए भक्त भूषण ने कहा कि सद्बुद्धि की प्राप्ति के लिए गायत्री महामंत्र का जाप अनिवार्य है। गायत्री महामंत्र के जाप से विवेक जागृत होता है, जिससे अच्छे-बुरे तथा सही-गलत का ज्ञान प्राप्त होता है और जीवन सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ता है।

इस अवसर पर जनवरी माह में जन्म लेने वाले श्रद्धालुओं ने भारतीय संस्कृति के अनुरूप पंचतत्व पूजन कर यज्ञ के साथ अपना जन्मदिन संस्कार पूर्वक मनाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here