जयपुर। कोतवाली थाना पुलिस ने ऑटो और ई-रिक्शा में सवारियों के पर्स व जेवरात चोरी करने वाली एक शातिर गुजराती गैंग का पर्दाफाश किया है । पुलिस ने गैंग की तीन महिलाओं सहित चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है । ये बदमाश सवारी बनकर ऑटो में बैठते थे और नजर बचाकर कीमती सामान पार कर देते थे । फिलहाल पुलिस आरोपित गैंग से पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि परिवादी रामनिवास सोनी ने मामला दर्ज कराया था कि वह दूध मंडी से चांदपोल जाने के लिए ऑटो में बैठा था । उसके पास एक थैले में करीब 90 ग्राम सोने के जेवरात (एक हार और दो टॉप्स) थे । रास्ते में ऑटो में साड़ियां और सलवार सूट पहनी 4-5 महिलाएं बैठीं । जब वह हनुमान मंदिर के पास उतरा और थैला चेक किया तो अंदर रखी गहनों की थैली गायब थी।
जिस पर एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत और एसीपी राजेंद्र कुमार मीणा के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेश गौतम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई । पुलिस ने तकनीकी मदद और करीब 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
फुटेज के आधार पर कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस ने गैंग को लुनियावास इलाके से अंजना उर्फ पंखुड़ी (25) निवासी भावनगर गुजरात (हाल लुनियावास),अल्पा बेन सोलंकी उर्फ अल्पी (27) निवासी भावनगर गुजरात,शारदा उर्फ पूजा (26) निवासी भावनगर गुजरात और कांग्या अर्जुन विनोद (29) निवासी भावनगर,गुजरात (गैंग का मददगार) को धर दबोचा।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ये महिलाएं ऑटो में सवारी बनकर बैठती थीं । गिरोह के सदस्य सवारी को बातों में उलझाकर भ्रमित कर देते थे । इसी दौरान अपनी चुन्नी या कपड़े की ओट लेकर शातिर तरीके से बैग की चैन खोलते और जेवरात चोरी कर लेते थे । वारदात के तुरंत बाद ये ऑटो रुकवाकर उतर जाते थे ।




















