जेल से छूटते ही फिर शुरू की बाइक चोरी, पुलिस ने दबोचा

0
73

जयपुर। खोराबीसल थाना पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इलाके में सक्रिय एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। आरोपी इतना बेखौफ है कि महज एक महीने पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था और बाहर आते ही फिर से वारदातों को अंजाम देने लगा।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) हनुमान प्रसाद ने बताया कि खोराबीसल और आसपास के इलाकों में बढ़ रही वाहन चोरी की वारदातों को देखते हुए थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की दो बाइकों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में घूम रहा है। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी आलोक चौधरी (33) निवासी भरतपुर हाल झोटवाड़ा जयपुर को दबोच लिया।

सख्ती से पूछताछ करने पर उसने दोनों बाइक चोरी की होना स्वीकार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आलोक चौधरी नशे का आदी है। अपने नशे की जरूरत को पूरा करने के लिए वह भीड़भाड़ वाले इलाकों से मोटरसाइकिल, गैस सिलेंडर और अन्य सामान चोरी करता था और उन्हें बेहद सस्ते दामों में बेच देता था।

वहीं जांच में सामने आया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है और नवंबर 2025 में उसे गैस सिलेंडर चोरी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। आरोपी के खिलाफ जयपुर के खोराबीसल, बगरू, झोटवाड़ा और करधनी थानों में करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। जनवरी 2026 में ही वह जेल से रिहा हुआ था। लेकिन सुधरने के बजाय उसने फिर से अपराध की राह पकड़ ली।

इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल रामेश्वर लाल, कांस्टेबल राकेश कुमार, रामसिंह और शीशराम की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि उसने ये बाइक कहां से चुराई थीं और इस गिरोह में उसके साथ और कौन-कौन शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here