एसएफआई, एनएसयूआई और एबीवीपी से जुड़े सैकड़ों छात्रों ने थामा आरएलपी का दामन

0
157
Hundreds of students associated with SFI, NSUI, and ABVP have joined the RLP.
Hundreds of students associated with SFI, NSUI, and ABVP have joined the RLP.

जयपुर। शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर से जुड़े एसएफआई, एनएसयूआई और एबीवीपी के सैकड़ों छात्रों ने शुक्रवार को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) की सदस्यता ग्रहण की। जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के सुप्रीमो एवं नागौर सांसद Hanuman Beniwal की मौजूदगी में युवाओं ने आरएलपी का दामन थामा।

पार्टी की सदस्यता लेने वाले युवा नेताओं ने कहा कि वे आरएलपी की विचारधारा, युवा हितैषी सोच तथा छात्र-युवा मुद्दों पर संघर्षशील भूमिका से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़े हैं। उन्होंने छात्र और युवा वर्ग के हितों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर सांसद हनुमान बेनीवाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई हुई हैं और चिकित्सा मंत्री अभद्र बयान दे रहे हैं। साथ ही कानून-व्यवस्था की स्थिति को चिंताजनक बताते हुए कहा कि यह पूरी तरह वेंटिलेटर पर है तथा मुख्यमंत्री को जमीनी हालात की कोई जानकारी नहीं है।

बेनीवाल ने दावा किया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा और कांग्रेस दोनों को करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि आरएलपी जल्द ही अपने छात्र संगठन की घोषणा करेगी तथा आगामी पंचायती राज और निकाय चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-युवा कार्यकर्ता एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here