जयपुर। सांगानेर सदर थाना इलाके में पत्नी के छोड़कर जाने से नाराज पति ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना समय बच्चे घर पर ही खेल रहे थे, जिन्होंने अपने पिता को फंदे से लटका देख चिल्लाने लगे। जिस पर आस पास के लोग मौके पर पहुंचे और फिर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार मृतक के पास से दो पेज का सुसाइड नोट भी मिला। पुलिस ने महात्मा गांधी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक की मां से मिली शिकायत पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एएसआई जगदीश ने बताया कि थाना इलाके के रैगरों का मोहल्ला निवासी महेन्द्र भहरवाल (30) ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की है। जो परिवार के साथ यहां रहकर मजदूरी का काम करता था। जानकारी के अनुसार मृतक महेन्द्र अपने दोनों बेटों के साथ घर पर मौजूद था और दोनों ही बच्चे बाहर खेल रहे थे। इस दौरान महेन्द्र ने बाहर बने कमरे में चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। खेलते हुए कमरे में पहुंचे बच्चों ने पिता को फंदे से लटका देख जोर-जोर से रोने लगे। जिनकी आवाज सुनकर पड़ोसी घर आ पहुंचे।
फंदे से महेन्द्र को लटका देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। वहीं मृतक महेन्द्र ने मरने से पहले एक कॉपी में दो पेज का सुसाइड नोट लिखा। सुसाइड नोट में लिखा- ये मेरा सच्चा प्यार था, जो ही मेरा हमसफर था। लेकिन जब वो ही मुझे छोड़कर चला गया। मेरा इसी जिंदगी जीने से फायदा ही क्या? आज वो किसी के संपर्क में है। वह उसके साथ काम करती है। आज वो उसके खातिर मुझे छोड़ रही है।
इस सुसाइड नोट के आधार पर मृतक महेन्द्र की मां भगवती ने मामला दर्ज करवाया कि पिछले दो साल से किसी के सम्पर्क में उसकी बहू थी। दोनों एक ही साथ काम करने के कारण संपर्क में आए थे। वह पति के साथ गाली-गलौज कर मारपीट करती थी। पत्नी की हरकतों से महेंद्र मजबूर हो गया था। पति की मौत की सूचना पहुंचने के बाद भी बहू देखने के लिए घर तक नहीं आई। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।