जयपुर। सावन की हरियाली और उत्सवी माहौल के बीच मानसरोवर स्थित प्रिंस होटल में सतरंगी ग्रुप की ओर से आयोजित ‘लहरिया उत्सव’ में राजस्थानी संस्कृति, महिला सशक्तिकरण और पारंपरिक लोक रंगों का अनूठा संगम देखने को मिला। सतरंगी लहरिया परिधानों में सजी महिलाओं ने लोकगीतों, नृत्य और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय एकता मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष नीता यादव तथा प्रसिद्ध योग एवं एरोबिक्स प्रशिक्षिका वंदना अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने सावन के ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को भारतीय परंपरा, सामाजिक समरसता और महिलाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
उत्सव के दौरान महिलाओं और युवतियों ने एकल एवं समूह नृत्य के माध्यम से राजस्थानी लोक संस्कृति और सावन की उमंग को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। लोकगीतों की मधुर धुनों पर दी गई प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। आयोजन में प्रतिभागियों के लिए पहेलियां, टंग-ट्विस्टर और विभिन्न मनोरंजक इनडोर गेम्स भी आयोजित किए गए, जिनमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजन को सफल बनाने में एकता यादव, ललिता, रेणु सिंह, कविता चौधरी, सोनिया सोनी, अर्चना गुप्ता और सोनिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं विशिष्ट अतिथियों का उपहार देकर सम्मान किया गया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई।
सावन के उल्लास से सराबोर इस आयोजन ने महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राजस्थानी लोक संस्कृति और पारंपरिक लहरिया की समृद्ध विरासत को भी सहेजने का अवसर प्रदान किया। आयोजन पूरे समय उत्साह, उमंग और पारिवारिक वातावरण से ओतप्रोत रहा।



















