महिला सुरक्षा पर जयपुर पुलिस का डबल वार, ऑपरेशन गरिमा में सिरफिरा आशिक गिरफ्तार

0
36
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested

जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की पूर्व जिला पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को दोहरी कार्रवाई करते हुए एक ओर युवती को परेशान करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं दूसरी ओर छात्राओं को आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन गरिमा’ के तहत जवाहर नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती को फोन कर परेशान करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 14 मई को एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उसे फोन कर मिलने के लिए दबाव बना रहा था तथा बात नहीं मानने पर आत्महत्या करने की धमकी दे रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सुथार के नेतृत्व में थानाधिकारी सरला यादव की टीम ने कार्रवाई की। महिला कांस्टेबल कमोद की विशेष भूमिका के साथ पुलिस ने आरोपी आकाश राज शर्मा (30) निवासी मां हिंगलाज नगर, मुहाना रोड को गिरफ्तार कर लिया।

इधर महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान के तहत जवाहर नगर स्थित राजकीय सरस्वती बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल के निर्देशन में किया गया।

कार्यक्रम में करीब 300 छात्राओं को ‘गुड टच-बैड टच’, पॉक्सो एक्ट तथा महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090 के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही छात्राओं को साइबर हेल्पलाइन 1930, इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग और साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया गया।

‘कालिका पेट्रोलिंग यूनिट’ ने छात्राओं को आत्मरक्षा के तरीके सिखाए और ‘महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना’ की जानकारी दी। इसके अलावा छात्राओं को राजकॉप सिटीजन ऐप के उपयोग और फायदों के बारे में भी बताया गया।

पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में वे घबराएं नहीं और तुरंत पुलिस सहायता लें। पुलिस ने विद्यालय प्रशासन के सहयोग से भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का भरोसा दिलाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here