जयपुर। जयपुर पुलिस ने शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाते हुए तेज रफ्तार और बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत अब तक 63 वाहनों को जब्त किया जा चुका है।
पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल ने बताया कि पुलिस कमिश्नर जयपुर सचिन मित्तल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यातायात पुलिस ने शहर में लगे स्पीड कैमरों की मदद से ऐसे वाहनों को चिन्हित किया जो निर्धारित गति सीमा से अधिक, विशेष रूप से 100 किलोमीटर प्रति घंटा से ज्यादा की रफ्तार से वाहन चला रहे थे।
जिस पर तीन कारों को जब्त किया गया है। इनमें एक कार 112 किलोमीटर प्रति घंटा, दूसरी 102 किलोमीटर प्रति घंटा तथा तीसरी 105 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलती पाई गई। इन वाहनों के खिलाफ पूर्व में भी कई बार यातायात नियम उल्लंघन के चालान दर्ज हो चुके थे। इसके अलावा 20 से अधिक लंबित चालान वाले वाहनों पर भी कार्रवाई करते हुए डंपर, बस, ट्रक, ऑटो और ई-रिक्शा समेत कई वाहनों को जब्त किया गया। इनमें कुछ वाहनों पर 25 से लेकर 83 बार तक यातायात नियम उल्लंघन के मामले दर्ज मिले।
अभियान के दौरान अब तक 262 लंबित चालानों का निस्तारण भी कराया गया है। यातायात पुलिस के अनुसार बार-बार नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को चिन्हित कर उनके ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण निलंबन के लिए संबंधित परिवहन अधिकारियों को भी अनुशंसा भेजी जाएगी।
डीसीपी यातायात योगेश गोयल ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के लंबित चालानों की समय पर जानकारी लेकर उनका निस्तारण करें। इसके लिए वाहन स्वामी ई-चालान और वर्चुअल कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चालानों की स्थिति जांच सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क पर लापरवाही और तेज रफ्तार न केवल चालक बल्कि अन्य लोगों के जीवन के लिए भी खतरा बनती है। ऐसे में यातायात नियमों का पालन करना सभी वाहन चालकों की जिम्मेदारी है। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

















