जयपुर। जयपुर के टोंक रोड स्थित सूर्य नगर इलाके में मंगलवार देर रात करीब 2 बजे एक बार फिर ‘कच्छा-बनियान गिरोह’ के बेखौफ बदमाशों की आवाजाही से हड़कंप मच गया। बदमाश वारदात की नीयत से एक मकान परिसर में दाखिल हुए थे, लेकिन मकान मालिकों की सतर्कता और सजगता के चलते वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और मौके से भाग खड़े हुए।
घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गिरोह के सदस्य उन्हीं मकानों के आसपास दोबारा सक्रिय दिखे, जहां लगभग दो महीने पहले भी चोरी का प्रयास किया गया था। इससे स्थानीय निवासियों में आशंका गहरा गई है कि यह गिरोह इलाके की लगातार रेकी कर रहा है और सुनसान या चिह्नित मकानों को निशाना बनाने की फिराक में है।
क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हुई है।
फुटेज में गिरोह का एक सदस्य पहले सुनसान गली में आकर स्थिति का जायजा लेता दिखता है। कोई हलचल न पाकर वह अपने बाकी साथियों को इशारा कर बुलाता है। इसके बाद गिरोह के सदस्य दीवार फांदकर मकान के भीतर दाखिल होता हैं, लेकिन परिजनों की सतर्कता के कारण बिना किसी बड़ी वारदात को अंजाम दिए फरार हो जाते हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों ने पुलिस को सूचित कर सीसीटीवी फुटेज सौंप दिए हैं।
लगभग दो महीने बीत जाने के बाद भी गिरोह के पकड़ में न आने और उसी इलाके में दोबारा दस्तक देने से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश और दहशत है। सूर्य नगर के निवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त और नाकाबंदी बढ़ाने तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की पुरजोर मांग की है। पुलिस फिलहाल फुटेज खंगालकर संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।



















