हिंगोनिया गौशाला जाएंगे खाचरियावास: गौ हत्या मामले में आंदोलन की चेतावनी

0
29

जयपुर। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने मुख्यमंत्री निवास के समीप गाय के बछड़े का सिर काटकर लटकाने की घटना को लेकर भाजपा और स्थानीय विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण के लिए स्थानीय विधायक गोपाल शर्मा और भाजपा पदाधिकारी जिम्मेदार हैं।

खाचरियावास ने आरोप लगाया कि घटना के दिन पुलिस ने भाजपा सरकार और विधायक के दबाव में बयान दिया। उन्होंने कहा कि हिंगोनिया गौशाला से बछड़े का सिर लाए जाने संबंधी बयान भ्रामक है। इस मामले में नगर निगम प्रशासन और हिंगोनिया गौशाला के संचालक संत रघुवीर दास ने भी कथित रूप से इस दावे का खंडन किया है। उनका कहना है कि यदि जयपुर में किसी गाय या बछड़े की मृत्यु होती है तो उसे हिंगोनिया गौशाला में निर्धारित स्थान पर दफनाया जाता है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पूरे मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने जयपुर में गायों की तस्करी और गौ हत्या के मामलों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन करेगी।

खाचरियावास ने घोषणा की कि 15 फरवरी को वे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के साथ हिंगोनिया गौशाला पहुंचकर वहां की स्थिति का निरीक्षण करेंगे और गायों की सुरक्षा को लेकर संचालकों से चर्चा करेंगे। साथ ही जयपुर के सभी विधानसभा क्षेत्रों में गोरक्षा यात्राएं निकालने और विरोध-प्रदर्शन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here