परंपरागत उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ धूमधाम से मनाया लोहड़ी महोत्सव

0
102
Divya Jyoti Jagrati Sansthan celebrated Lohri festival with great pomp and enthusiasm
Divya Jyoti Jagrati Sansthan celebrated Lohri festival with great pomp and enthusiasm

जयपुर। लोहड़ी महोत्सव मंगलवार को परंपरागत उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ धूमधाम से मनाया गया। मुख्य आयोजन राजापार्क स्थित सिंधी कॉलोनी के मुख्य चौराहे पर हुआ। बड़ी संख्या में पंजाबी समाज के लोग शामिल हुए। पंजाबी परिवारों में नवविवाहित जोड़ों में पहली लोहड़ी को लेकर अत्यधिक उत्साह देखा गया।

सामूहिक लोहड़ी पर्व में वैदिक रीति से पूजन किया गया। आर्य समाज के पं. जानकी प्रसाद ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ लोहड़ी पूजन कराया। लोहड़ी प्रज्वलन में गो काष्ठ, गाय का घी तथा 31 जड़ी-बूटियों की हवन सामग्री का उपयोग किया गया। नवविवाहित दंपतियों, नवजात शिशुओं और उनके परिजनों ने लोहड़ी की परिक्रमा कर मूंगफली, रेवड़ी, मक्के के फुल्ले सहित अन्य प्रसाद अग्नि में अर्पित किए और परिवार की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।

पंजाबी महासभा के अध्यक्ष रवि नैय्यर ने बताया कि इस अवसर पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बेटी के हाथों से लोहड़ी प्रज्वलित कर सामाजिक संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पंजाबी ढोल, पारंपरिक गीतों और डीजे की धुनों पर नाच-गान हुआ तथा विभिन्न पारंपरिक व्यंजन बनाए गए।

कार्यक्रम में मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों ने लोहड़ी पर्व को सामाजिक समरसता, पारिवारिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताते हुए बधाई दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here