कपड़ा व्यापारियों से 2 करोड़ की ठगी करने वाली गैंग का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

0
26

जयपुर। शिप्रापथ थाना पुलिस ने कपड़ा व्यापारियों से धोखाधड़ी कर करीब 2 करोड़ रुपए का माल हड़पने वाली गैंग के मुख्य आरोपी हेमंत धनजानी उर्फ हनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 15 लाख रुपए नकद और करीब 6 लाख रुपए का कपड़ा बरामद किया गया है। मामले में दो अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि अमन एक्सपोर्ट्स रिटेल लिमिटेड के फाइनेंस मैनेजर गिरीश पाटोदिया ने शिप्रापथ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि मानसरोवर स्थित उनकी फर्म से मार्च 2026 में आरोपियों ने कुर्ती और सूट का करीब 47 लाख रुपए का माल लिया, लेकिन भुगतान नहीं किया। बाद में जांच करने पर आरोपियों की ओर से बताए गए फर्मों के पते भी फर्जी मिले।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अन्य कपड़ा व्यापारियों से भी इसी तरह करीब एक करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की थी। इस प्रकार कुल ठगी की राशि करीब 2 करोड़ रुपए बताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

शिप्रापथ थाना प्रभारी हितेश शर्मा आरोपी खुद को कपड़ा व्यापारियों का एजेंट बताकर व्यापारियों से संपर्क करते थे। अपने साथियों को अलग-अलग फर्मों का मालिक बताकर जीएसटी नंबर सहित फर्मों की जानकारी उपलब्ध करवाते और बड़ी मात्रा में कपड़ा खरीदने का ऑर्डर देते थे। विश्वास जीतने के लिए भुगतान के नाम पर चेक भी देते थे। इसके बाद माल फर्जी फर्मों और परिवहन कंपनियों के पतों पर भेजने को कहते थे, जबकि उन पतों पर संबंधित फर्में संचालित ही नहीं होती थीं।

आरोपी माल को दूसरे स्थान पर प्राप्त कर अहमदाबाद में अन्य दुकानदारों को कम कीमत पर बेच देते और मोटी रकम लेकर फरार हो जाते थे। भुगतान मांगने पर व्यापारियों को टालमटोल कर गुमराह किया जाता था।

पुलिस ने विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए हेमंत धनजानी उर्फ हनी (38) को गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से दुर्गापुरा क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में मुहाना थाना क्षेत्र के कृष्णा सरोवर स्थित जगदंबा अपार्टमेंट में रह रहा था। आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका और ठगी के माल की बरामदगी के संबंध में जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here