शादी के पांच महीने बाद विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत

0
45

जयपुर। शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। विवाहिता की करीब पांच महीने पहले ही शादी हुई थी। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी राजेश गौतम के अनुसार सीतापुरा के मानव विहार निवासी लवी कुमारी की रविवार को मौत हो गई। करीब पांच महीने पहले उसकी शादी मर्चेंट नेवी में कार्यरत सूरज शर्मा से हुई थी। पुलिस के मुताबिक, लवी पिछले दो-तीन दिन से बीमार चल रही थी। रविवार शाम करीब छह बजे उसने कुछ टेबलेट खाईं। इसके कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।

परिजन उसे तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां भर्ती कर उसका उपचार शुरू किया गया। देर रात इलाज के दौरान लवी ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। पुलिस के अनुसार विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में मर्ग दर्ज कर जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here