जयपुर। टेंट डीलर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन राजस्थान के द्वितीय वार्षिक सेमिनार एवं प्रदर्शनी के अवसर पर बुधवार को खाटू श्यामजी के वृंदावन धाम धर्मशाला में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। संत श्री अमरनाथ जी महाराज के सानिध्य में दोपहर 12:15 बजे हुए सामूहिक पाठ में प्रदेशभर से आए टेंट व्यवसायियों और श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव से सहभागिता की। सामूहिक पाठ के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संत अमरनाथ महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर गौ माता को राष्ट्र माता का सम्मान दिलाने के लिए गौ माता का आह्वान भी किया गया। संत अमरनाथ जी महाराज ने गौ सेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम प्रभारी मुकेश कुमावत ने बताया कि वार्षिक सेमिनार एवं प्रदर्शनी में प्रदेशभर से टेंट व्यवसायियों ने भाग लिया। धार्मिक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह रहा।
इस अवसर पर टेंट डीलर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन राजस्थान के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह, उपाध्यक्ष मुकेश सैनी, महासचिव ऋषि राज माथुर और कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। पंकज शर्मा, बिरदी चंद दम्बीवाल, महेंद्र बड़ीवाल, हीरालाल मामोडिया, कल्याण मल कुमावत और रामनिवास कारगवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी सामूहिक पाठ में भाग लिया।



















