ग्राहक बनकर आए बदमाशों ने झुमकों पर किया हाथ साफ

0
144

जयपुर। पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र में ग्राहक बनकर आए दो बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप से सोने के झुमके चोरी कर फरार हो गए। घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित दुकानदार ने ग्राहकों के जाने के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

एएसआई विक्रम सिंह के अनुसार इस्कॉन रोड स्थित अमृत नगर में अशोक चौपड़ा (68) की ‘जैन ज्वेलर्स’ नाम से दुकान है। सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे स्कूटी सवार दो युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे। इनमें से एक बुजुर्ग जैसा दिखने वाला व्यक्ति अंदर आया और दुकानदार से सोने के झुमके दिखाने को कहा, जबकि उसका साथी हेलमेट पहने दरवाजे पर खड़ा रहा।

झुमके दिखाने के दौरान आरोपी ने बड़ी चालाकी से करीब 15.20 मिलीग्राम वजन का एक सोने का झुमका अपने हाथ में छिपा लिया। इसके बाद गहने पसंद नहीं आने का बहाना बनाकर दोनों वहां से निकल गए।

दुकानदार ने जब बाद में सामान चेक किया तो झुमका कम मिला। शक होने पर सीसीटीवी फुटेज देखे गए। जिसमें चोरी की वारदात स्पष्ट नजर आई। इसके बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर स्कूटी सवार दोनों बदमाशों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here