जयपुर। ज्वैलर्स एसोसिएशन यूथ (जेएवाई) की ओर से बुधवार को रॉयल ऑर्किड होटल, जयपुर में युवा आभूषण व्यवसायी सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 175 से अधिक जेएवाई सदस्य, ज्वैलर्स एसोसिएशन की कार्यसमिति के सदस्य तथा एचआरडी एंटवर्प की मुंबई एवं जयपुर टीम के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम इस उद्देश्य से आयोजित किया गया कि युवा सदस्यों को एक-दूसरे से व्यक्तिगत रूप से मिलने और परिचय बढ़ाने का अवसर मिले। इसके लिए दो संवाद सत्र आयोजित किए गए। दोनों सत्रों के बीच एचआरडी एंटवर्प की ओर से युवाओं के लिए विशेष शैक्षणिक सत्र हुआ, जिसमें हीरे एवं रत्नों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी, नवीनतम तकनीक, जांच-पड़ताल तथा बाजार में हो रहे बदलावों के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू मंगोड़ी वाला ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को आगे आकर जयपुर को विश्व स्तर पर रंगीन रत्नों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
ज्वैलर्स एसोसिएशन के मानद सचिव अजय गोधा ने युवाओं से संस्था और जेएवाई से लगातार जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आपसी संपर्क और संवाद के माध्यम से युवा बाजार के बदलते रुझानों, नई जानकारी और उद्योग से जुड़े महत्वपूर्ण बदलावों से परिचित रह सकते हैं।
ज्वैलर्स एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एवं जेएवाई संयोजक गोविंद कुमार गुप्ता ने कहा कि युवाओं का एक-दूसरे से जुड़ना केवल व्यापार बढ़ाने के लिए ही नहीं, बल्कि मजबूत व्यक्तिगत संबंध बनाने के लिए भी आवश्यक है।
अच्छे व्यक्तिगत संबंध जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग और प्रगति का आधार बनते हैं। उन्होंने कहा कि जेएवाई की ओर से भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनसे नई पीढ़ी के युवा एक-दूसरे के करीब आएं और समाज एवं उद्योग के विकास में मिलकर योगदान दें।
कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आपसी परिचय, संवाद और ज्ञानवर्धन पर केंद्रित इस आयोजन को युवा आभूषण व्यवसायियों के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने की दिशा में सफल पहल बताया गया।



















