जयपुर। रजनी विहार दशहरा मैदान में रजनी विहार विकास समिति के तत्वावधान में दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। रंगीन आतिशबाजी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। आयोजन में 5 हजार से अधिक लोग उपस्थित रहे।
समिति अध्यक्ष राहुल शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के तहत सुबह से ही बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें चम्मच दौड़, रस्सीकूद, मेहंदी, बिना ईंधन के पाक कला और रंगोली प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। प्रतियोगिताओं में 300 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

मेधावी विद्यार्थियों और बुजुर्गों का सम्मान
इस कार्यक्रम संयोजक वरुण टेकवानी ने बताया कि दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं 75 वर्ष से अधिक आयु के 25 बुजुर्गों को शॉल और दुशाला ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
आतिशबाजी के बीच हुआ रावण दहन
शाम को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रंगीन आतिशबाजी के बीच 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। कार्यक्रम में जयपुर शहर की उपमहापौर सरोज कंवर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। क्षेत्रीय पार्षद अमरचंद कुमावत और पार्षद युवराज सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस कार्यक्रम के संयोजन में सीएस भान, रतन सिंह निर्वाण, बृजेश सैनी, प्रवीण शर्मा, रमेश मिश्रा सहित समिति के अन्य सदस्यों ने सहयोग किया। आयोजन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर दशहरा उत्सव का आनंद लिया।



















