जयपुर में सजा सौंदर्य का राष्ट्रीय मंच: केरल की केजिया लीज मेजो बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया

0
38
National beauty pageant held in Jaipur
National beauty pageant held in Jaipur

जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर में मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का भव्य ग्रैंड फिनाले आयोजित हुआ। जिसमें देशभर से चयनित 52 प्रतिभागियों ने सौंदर्य,प्रतिभा,आत्मविश्वास,व्यक्तित्व और भारतीय संस्कृति का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में केरल की केजिया लीज मेजो ने अपने प्रभावशाली व्यक्तित्व और मंचीय प्रस्तुति के दम पर मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम किया। तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनरअप और गुजरात की अनुश्री सातवलेकर दूसरे स्थान पर रहीं।

खिताब जीतने के बाद केजिया अब अंतरराष्ट्रीय मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने कहा कि यह खिताब उनके लिए उपलब्धि के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की विविधता, संस्कृति और नई पीढ़ी की प्रतिभा को प्रस्तुत करेंगी।

ग्रैंड फिनाले में प्रतिभागियों ने विभिन्न राउंड में अपनी प्रतिभा,संचार कौशल,नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सोच का प्रदर्शन किया। आयोजन में करीब 800 फैशन डिजाइनर और डेलीगेट्स शामिल हुए। बॉलीवुड स्टार और पहली भारतीय मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन,दो बार मिस यूनिवर्स इंडिया रह चुकीं उर्वशी रौतेला तथा पूर्व मिस यूनिवर्स फर्स्ट रनरअप और अभिनेत्री सेलिना जेटली की मौजूदगी ने समारोह की भव्यता बढ़ाई। मिस यूनिवर्स इंडिया 2024-25 की विजेता रिया सिंघा और मणिका विश्वकर्मा भी समारोह में शामिल हुईं।

मिस यूनिवर्स इंडिया के ऑनर निखिल आनंद ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य देशभर की प्रतिभाशाली युवतियों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा,व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है। राष्ट्रीय जनसंपर्क निदेशक सर्वेश कश्यप ने कहा कि जयपुर में आयोजन राजस्थान की संस्कृति, मेहमाननवाजी और देश की प्रतिभाशाली बेटियों के आत्मविश्वास का उत्सव बना। उन्होंने कहा कि इस मंच ने सुष्मिता सेन,लारा दत्ता,उर्वशी रौतेला और सेलिना जेटली जैसी प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय पहचान का अवसर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here