जयपुर। जोरावर सिंह गेट स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान मानद विश्वविद्यालय में शनिवार को पहली बार कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्थान के माधव सिंह बघेल समिति हॉल में आयोजित हुआ, जिसमें आयुर्वेद फार्मास्यूटिकल्स और फॉर्मुलेशन डेवलपमेंट क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर साक्षात्कार लिए।
इस प्लेसमेंट ड्राइव में रस शास्त्र एवं भैषज्य कल्पना विभाग के अंतिम वर्ष के एमडी स्कॉलर्स ने भाग लिया। इसके साथ ही पीएचडी स्कॉलर्स और बीएएमएस इंटर्नशिप कर रहे विद्यार्थियों के लिए मॉप-अप राउंड भी आयोजित किया गया, जिससे अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों को उद्योग से जुड़ने का अवसर मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न आयुर्वेदिक औषधि निर्माण कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की योग्यता और अनुभव के आधार पर उनका साक्षात्कार लिया तथा उन्हें आयुर्वेद औषधि निर्माण, अनुसंधान और फॉर्मुलेशन डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में करियर अवसरों की जानकारी दी।
रस शास्त्र एवं भैषज्य कल्पना विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अनुपम श्रीवास्तव ने बताया संस्थान में आयोजित इस पहले केंपस ड्राइव का उद्देश्य विद्यार्थियों को आयुर्वेद फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा उद्योग और शैक्षणिक संस्थान के बीच सहयोग को और मजबूत बनाना है। संस्थान ने इसे विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के प्लेसमेंट कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।




















