जयपुर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर धार्मिक आस्था और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने जयपुर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।
उपमुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम जयपुर स्थित आराध्य देव श्री गोविंददेवजी मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान श्री गोविंददेवजी से आशीर्वाद लेकर प्रदेशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की। मंदिर परिसर में इस दौरान श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं और आमजन की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। सभी ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, जिनके लिए उपमुख्यमंत्री ने आभार व्यक्त किया।
इसके पश्चात उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने चौड़ा रास्ता स्थित प्राचीन ताड़केश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। उन्होंने प्रदेश की उन्नति, सुख-समृद्धि और जनहित के लिए प्रार्थना की। मंदिर में मौजूद लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं, जिस पर उन्होंने सभी के स्नेह और शुभेच्छाओं के लिए धन्यवाद दिया।
जन्मदिन के अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने जयपुर स्थित प्रसिद्ध मोती डूंगरी गणेश मंदिर में भी दर्शन किए। मंदिर के महंत कैलाश शर्मा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। दर्शन के बाद उपमुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
इसके अलावा उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के तारानगर स्थित प्राचीन गणेश मंदिर में भी दर्शन किए। यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सामाजिक सरोकार निभाते हुए उपमुख्यमंत्री द्वारा स्कूली बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए गए। बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने इस पहल की सराहना की। जन्मदिन के अवसर पर धार्मिक आस्था, जनसेवा और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सकारात्मक संदेश दिया।




















