जयपुर। राजधानी में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन जागृति’ के तहत जिला दक्षिण जिला विशेष टीम (डीएसटी) और पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध गांजे की खरीद-फरोख्त करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 56 ग्राम गांजा और 25,100 रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपियों से गांजे की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि जयपुर दक्षिण क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में डीएसटी प्रभारी विशंभर दयाल के नेतृत्व में टीम ने पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर दिव्यांश गौतम (29) निवासी इगलास जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) हाल मुहाना जयपुर के कब्जे से 31 ग्राम गांजा तथा रोहिताश्व माथुर (27) निवासी कोतवाली जिला भरतपुर हाल पत्रकार कॉलोनी जयपुर के कब्जे से 25 ग्राम गांजा बरामद किया। इसके अलावा पुलिस ने गांजे की बिक्री से प्राप्त 25,100 रुपए नकद भी जब्त किए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी लंबे समय से युवाओं और स्थानीय लोगों को अवैध रूप से मादक पदार्थ उपलब्ध करा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाते थे और उनके संपर्क में कौन-कौन लोग हैं।
इस कार्रवाई में पत्रकार कॉलोनी थानाधिकारी उदय सिंह यादव, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, कांस्टेबल रामपाल, नेतराम, मुकेश कुमार तथा तकनीकी शाखा दक्षिण के हेड कांस्टेबल लोकेश व रामसिंह की भूमिका रही। वहीं डीएसटी जयपुर दक्षिण टीम में प्रभारी विशंभर दयाल, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र, सहायक उपनिरीक्षक प्रेमचंद, हेड कांस्टेबल हंसराज, अभय सिंह, राजेश, मानसिंह तथा कांस्टेबल अजयपाल, राजवीर और देवेंद्र शामिल रहे।


















