बेकाबू ट्रोला ट्रांसफार्मर से टकराया: धमाके से मची अफरा-तफरी

0
40

जयपुर। जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र के मानबाग चौराहे पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रोला डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली ट्रांसफार्मर में जा घुसा। टक्कर के साथ ही ट्रांसफार्मर में तेज धमाका हुआ, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ऑटो सवार धारासिंह और समद आलम घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

एसआई हरिओम ने बताया कि ट्रोला पहले डिवाइडर से टकराया और फिर ऑटो की ओर बढ़ गया। चालक ने ऑटो को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से टकरा गया। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। गनीमत रही कि कोई बड़ा जनहानि नहीं हुई।

एसआई हरिओम ने बताया कि ट्रोले को क्रेन की मदद से हटाकर यातायात सुचारू करा दिया गया। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से मामला दर्ज नहीं कराया गया है।
घटना के बाद सामने आया कि ट्रोला पास स्थित सिंगोदिया एंड कंपनी की दुकान पर सामान लेकर आया था। फर्म से जुड़े एक व्यक्ति ने ट्रोले के उनकी फर्म का होने की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रांसफार्मर को हुए नुकसान की भरपाई कर दी गई है और इसकी रसीद भी उनके पास है।

हालांकि हादसे में दो लोगों के घायल होने के बावजूद पुलिस द्वारा स्वतः संज्ञान लेकर मामला दर्ज नहीं किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। हाल के दिनों में जयपुर में भारी वाहनों से जुड़े लगातार हादसों के बीच इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही, तेज रफ्तार और यातायात नियमों के पालन को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने रिहायशी इलाकों में भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती, निर्धारित गति सीमा का पालन सुनिश्चित कराने और प्रभावी ट्रैफिक नियंत्रण की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here