परमा एकादशी: तीन वर्ष में एक बार आने वाली एकादशी पर श्रद्धालुओं ने रखा व्रत

0
42

जयपुर। द्वितीय ज्येष्ठ अधिकमास कृष्ण पक्ष की कमला और परमा एकादशी गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। तीन वर्ष में एक बार आने वाले इस विशेष एकादशी पर श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की आराधना की। प्रचंड गर्मी में भक्तों ने जगह-जगह स्टॉल लगाकर ठंडा पानी, शर्बत, आम रस, गन्ने का रस पिलाया। गौशाओं में जमकर दान-पुण्य किया गया। मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे।

आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में महंत अंजन कुमार गोस्वामी महाराज के सान्निध्य में ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक कर विशेष श्रृंगार किया गया। भगवान को लाल रंग की सूती पोशाक धारण कराई गई तथा गोचारण लीला भाव से मनोहारी सज्जा की गई। राजभोग झांकी में जल विहार झांकी सजाई गई। ठाकुरजी ने जल विहार कर भक्तों को दर्शन दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। राजभोग झांकी में करीब 1100 किलो आम का मनोरथ किया गया। इस मौके पर गीता के सामूहिक पाठ भी हुए।

सुभाष चौक स्थित श्री सरस निकुंज में पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में राधा सरस बिहारी जू सरकार का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया गया। एकादशी महिमा से जुड़े पदों और भजनों का सुमधुर गायन किया गया। जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

भजनों से ठाकुरजी को रिझाया

पुरानी बस्ती स्थित गोपीनाथ जी मंदिर में महंत सिद्धार्थ गोस्वामी के सान्निध्य में एकादशी उत्सव मनाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। यहां महिलाओं ने ठाकुर जी को भजन सुनाए। चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदर जी मंदिर में महंत मलय गोस्वामी के सान्निध्य में एकादशी उत्सव भक्तिभाव से मनाया गया। रामगंज बाजार स्थित लाड़ली जी मंदिर में ललित संप्रदायाचार्य डॉ. महंत संजय गोस्वामी महाराज के सान्निध्य में लाड़लीजी के विविध लाड़ लड़ाए गए। फल और फलों के रस का विशेष भोग लगाया गया।

रामंगज चौपड़ स्थित मुरली मनोहर जी मंदिर, त्रिपोलिया स्थित ब्रजनिधि जी मंदिर , ब्रज राज बिहारी जी अनेक मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और एकादशी उत्सव आयोजित किए गए।

श्याम मंदिरों में प्रज्जवलित हुई अखंड ज्योति

पुरुषोत्तम मास की एकादशी पर विभिन्न श्याम मंदिरों में भजन संध्याओं का आयोजन किया गया। विभिन्न श्याम सेवी संगठनों की ओर से करीब एक दर्जन से अधिक स्थानों पर श्री श्याम भजन संध्याओं का आयोजन किया गया। कांवटियो का खुर्रा रामगंज बाजार स्थित प्राचीन श्री श्याम मंदिर में महंत पं. लोकेश मिश्रा के सान्न्निध्य में अखंड ज्योति प्रज्जवलित कर भजन संध्या का आयोजन किया गया। अनेक भजन गायकों ने बाबा का भजनों से गुणगान किया।

म्हारे घरा पधारो श्याम संस्था की ओर से मानसरोवर सेक्टर-113 स्थित श्याम पार्क में श्याम दरबार सजाया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने श्याम बाबा के भजनों का रसास्वादन किया और देर रात तक भक्ति संध्या में सहभागिता निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here