जयपुर। भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंगलवार को विद्याधर नगर के परशुराम सर्किल पर विभिन्न कार्यक्रम हुए। सुबह वेद मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत अभिषेक कर फूलों से श्रृंगार किया गया। इसके बाद सामूहिक रूप से सुंंदरकांड के पाठ किए गए। पाठ के बाद भजनों से भगवान परशुरामजी का गुणगान किया गया। शाम को जयकारों के साथ संगीतमय महाआरती की गई।
कार्यक्रम से जुड़े विरेंद्र शर्मा और गोपाल शर्मा ने बताया कि उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, सांसद मंजू शर्मा, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य सहित अनेक जन प्रतिनिधियों और अनेक गणमान्य लोगों ने सैंकड़ों दीपकों से भगवान परशुरामजी की महाआरती की। इसके बाद सजेधजे हाथी, ऊंट, घोड़े, बैंडवादन और लवाजमे के साथ भगवान परशुरामजी की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में 1100 से अधिक महिलाएं एक ही रंग की साड़ी पहनकर सिर पर कलश लेकर मंगल गीत गातीं हुईं चल रहीं थीं। वहीं युवाओं की टोली वाहन रैली के रूप में जयकारे लगाते हुए साथ चल रही थीं।
शेष सभी लोग हाथों में भगवान परशुराम जी की भगवा पताका और विशाल ध्वज लहराते हुए और जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। फूलों से सजे रथ में विराजमान भगवान परशुरामजी की जगह-जगह आरती उतार कर स्वागत किया गया। ब्राह्मण समाज के वयोवृद्ध लोग बग्गियों में सवार होकर शोभायात्रा को निहार रहे थे। मार्ग में कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। अलका सिनेमा, सीकर रोड, मुरलीपुरा सर्किल, केडिया पैलेस चौराहा होते हुए शोभायात्रा रामेश्वरधाम मुरलीपुरा स्थित श्री गौड़ विप्र समाज भवन पहुंची। यहां पुष्प वर्षा और जयकारों के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया गया। इसके बाद भोजन प्रसादी हुई।
बुधवार को भगवान श्री परशुराम प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा का होगा आयोजन
शास्त्रीनगर की सुभाष कॉलोनी श्री परशुराम वाटिका में अक्षय तृतीया बुधवार को भगवान श्री परशुराम प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन किया जाएगा। सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा सुबह आठ बजे पीएंडटी चौराहा स्थित श्री सर्वेश्वर धाम मंदिर से कलशयात्रा को धर्म ध्वजा दिखाकर रवाना करेंगे।
गाजेबाजे के साथ निकलने वाली कलश यात्रा में सैंकड़ों की संख्या में शक्ति स्वरूपा महिलाएं एक ही वेशभूषा में सिर पर कलश रखकर भजन गाती हुई आयोजन स्थल के लिए प्रस्थान करेंगी। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया जाएगा। जयकारों के साथ कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए सुभाष कॉलोनी श्री परशुराम वाटिका पहुंचेगी। यहां सुबह दस बजे कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा।
डॉ. प्रशांत शर्मा के आचार्यत्व में विद्वानों की टोली सुबह सवा ग्यारह बजे से प्राण प्रतिष्ठा की धार्मिक क्रियाएं कराएंगे। गौरी-गणपति, कलश, वास्तु पूजन के बाद हवन किया जाएगा। शुभ मुर्हूत में वेद मंत्रोच्चार के साथ भगवान परशुरामजी की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस मौके पर शास्त्रीनगर के सभी समाजों के लोग उपस्थित रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि शास्त्रीनगर के सर्व समाज ने कुछ ही माह पूर्व भगवान परशुराम वाटिका में भगवान श्री परशुराम जी की प्रतिमा स्थापित करने का आग्रह किया था। विधायक गोपाल शर्मा ने तुरंत इस कार्य को करवाने का आश्वासन दिया।
विभिन्न ब्राह्मण संगठनों की ओर से अभिषेक-पूजन और महाआरती के होंगे आयोजन
भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर 30 अप्रेल को विभिन्न ब्राह्मण संगठनों की ओर से अभिषेक-पूजन और महाआरती के आयोजन होंगे। विभिन्न ब्राह्मण संगठनों की ओर से सामूहिक रूप से दोपहर बारह बजे से स्टेच्यू सर्किल स्थित बिड़ला सभागार में भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। प्रदेश स्तरीय आयोजन के मुख्य अतिथि लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला, विशिष्ट अतिथि राज्य सभा सदस्य घनश्याम तिवाड़ी, सांसद मंजू शर्मा, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य होंगे।
पूजा-अर्चना के बाद सभी उपस्थित लोगों को देश से आतंक से उन्मूलन करने कासंकल्प कराया जाएगा। प्रारंभ में पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। विप्र महासभा के संस्थापक सुनील उदेईया ने बताया कि समारोह में प्रदेश के करीब बीस संगठन एक साथ भगवान परशुराम का पूजन करेंगे।
राजस्थान ब्राह्मण महासभा की ओर से विद्याधरनगर सेक्टर चार स्थित भगवान परशुराम भवन में जन्मोत्सव पर पूजा-अर्चना की जाएगी। मुख्य अतिथि महासभा के अध्यक्ष केसरी भंवर लाल शर्मा होंगे। महासभा की सभी इकाइयों की ओर से उनके कार्यालयों पर जन्मोत्सव मनाया जाएगा। राजस्थान गौड़ महासभा की ओर से इसी परिसर स्थित कार्यालय में सादगी पूर्वक जन्मोत्सव मनाया जाएगा। पहलगाम हमले के कारण महासभा ने जन्मोत्सव को धूमधाम से नहीं मनाने का निर्णय लिया था।
सर्व ब्राह्मण महासभा ने रेलवे स्टेशन स्थित भगवान परशुराम सर्किल पर पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन करेगी। ब्राह्मण समाज राजस्थान की ओर से सीकर रोड ढहर के बालाजी कार्यालय पर जन्मोत्सव मनाया जाएगा। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा, औदीच्य ब्राह्मण महासभा, गौड़ विप्र समाज सहित अनेक ब्राह्मण संगठनों की ओर से भगवान परशुराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।
सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में होगी महाआरती
स्वेज फॉर्म स्थित सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में बुधवार को भगवान परशुराम की महाआरती होगी। स्वामी अवधेशाचार्य महाराज के सान्निध्य में होने वाले कार्यक्रम में मालवीयनगर विधायक कालीचरण सराफ और सिविल लाइंस गोपाल शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।