जयपुर। जगतपुरा स्थित इंदिरा गांधी नगर के रिद्धि-सिद्धि मैरिज गार्डन में आयोजित ‘रंगीलो राजस्थान गरबा रास महोत्सव एवं मेला–2026’ हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुए इस आयोजन में क्षेत्रवासियों सहित स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
पारंपरिक और रंग-बिरंगी पोशाकों में सजे सैकड़ों प्रतिभागियों ने मधुर संगीत और गरबा की ऊर्जावान धुनों पर गोलाकार नृत्य कर मनमोहक छटा बिखेरी। पूरे परिसर में राजस्थानी संस्कृति, लोक परंपराओं और उत्सवी उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। देर रात तक जनसैलाब गरबा की धुनों पर झूमता रहा। मेले ने भी आयोजन की रौनक बढ़ाई।
गरबा में श्रेष्ठ नृत्य करने वाले विजेता को पुरस्कार स्वरूप वॉशिंग मशीन प्रदान की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल शुक्ला ने की। पूर्व पार्षद छोटूराम मीणा, लोकेश कुमार सिंह ‘साहिल’, महेश कराड़िया, प्रदीप भाटिया और अशोक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
गोपाल सेवा भाव ट्रस्ट की ओर से पुनीत जैन, अमित मिश्रा, कृष्ण दत्त झालानी और डॉ. अशोक दुबे सहित अन्य गणमान्यजन भी आयोजन में शामिल हुए। महोत्सव की परिकल्पना एवं निर्देशन गीतकार और अधिवक्ता सुरेन्द्र कुमार शर्मा ने किया। कराड़िया इवेंट्स के दीपक कराड़िया ने आयोजन एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाई, जबकि कपिल पचौरी के संयोजन में कार्यक्रम सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।



















