जयपुर। खोह नागोरियान थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक महिला नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5.20 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि खोह नागोरियान थाना पुलिस टीम ने चश्मदीद कॉलोनी, लुणियावास और आचार्यों की ढाणी क्षेत्र में विशेष सर्च अभियान चलाया।
इस सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने ब्राइट फ्यूचर एकेडमी स्कूल के पास आचार्यों की ढाणी से संदिग्ध महिला लाडा (25) को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कब्जे से 5.20 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला मूल रूप से ग्राम जुगलपुरा खुर्द, थाना निवाई सदर, जिला टोंक की रहने वाली है और वर्तमान में खोह नागोरियान क्षेत्र में जेएनयू कॉलेज के पास आचार्यों की ढाणी में रह रही थी।
प्रारंभिक पूछताछ में उसके पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त रहने के संकेत मिले हैं। पुलिस उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ ही स्मैक सप्लाई नेटवर्क की भी जांच कर रही है।



















