जयपुर। राजधानी में अवैध पटाखा फैक्ट्रियों और गोदामों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत करधनी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अवैध पटाखा गोदाम सीज किया है। पुलिस ने मौके से विस्फोटक पदार्थ (पटाखों) के 573 कार्टन जब्त किए हैं। वहीं कार्रवाई की भनक लगते ही गोदाम संचालक फरार हो गया। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि अवैध विस्फोटकों के खिलाफ अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त शिव कुमार के सुपरविजन में करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। जहां गठित पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि करधनी थाना क्षेत्र के सूर्य नगर स्थित 60 फीट रोड पर एक मकान में भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जहां बिना लाइसेंस संचालित गोदाम में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी मिली।
पुलिस ने गोदाम संचालक को मौके पर बुलाने का प्रयास किया। लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद बिल्डिंग मालिक की मौजूदगी में गोदाम की तलाशी ली गई और वहां से 573 कार्टन पटाखे जब्त कर गोदाम को सीज कर दिया गया। पुलिस ने फरार संचालक के खिलाफ करधनी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 287, 288 तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1884 की धारा 5 एवं 9(ख) और विस्फोटक अधिनियम, 1908 की धारा 4(बी)(आई) एवं 5(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस प्रशासन ने बिना लाइसेंस विस्फोटक पदार्थों के निर्माण और भंडारण करने वालों को कड़ी चेतावनी दी है।
पुलिस उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यदि अवैध पटाखा गोदाम या फैक्ट्री के कारण कोई दुर्घटना या जनहानि होती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी सवाई सिंह, उप निरीक्षक चमन लाल, उप निरीक्षक आशीष कुमार, सहायक उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, कांस्टेबल सतीश कुमार और दीपेंद्र शामिल रहे। पुलिस के अनुसार कार्रवाई को सफल बनाने में कांस्टेबल सतीश कुमार की विशेष भूमिका रही।



















