जयपुर। जयपुर शहर में अवैध हुक्का बार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बजाज नगर थाना पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए ‘कैफे डियोना’ रेस्ट्रो कैफे में संचालित अवैध हुक्का बार में छापेमारी कर मौके से दो संचालकों को गिरफ्तार किया है और साथ ही 4 हुक्के, 4 चिलम, 4 पाइप और विभिन्न प्रकार के फ्लेवर जब्त किए।
हुक्का पी रहे 13 लोगों के कोटपा एक्ट के तहत चालान किए गए, जबकि शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका पर 21 लोगों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
डीसीपी जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि शहर में अवैध गतिविधियों और हुक्का बार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में बजाज नगर थानाधिकारी रामधन डोभाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने कैफे डियोना में दबिश दी तो वहां अवैध रूप से हुक्का पिलाया जा रहा था। पुलिस ने संचालक मनोज कुमार (28) निवासी श्रीगंगानगर और धर्मसिंह (22) निवासी मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया।
अधिनियम 2019 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस ने मौके पर हुक्का पीते मिले 13 लोगों के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई। वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 21 गैरसायलान के खिलाफ बीएनएसएस की धारा के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
डीसीपी रंजीता शर्मा ने आमजन से अपील की कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध हुक्का बार अथवा अन्य गैरकानूनी गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना मिलने पर पुलिस की ओर से त्वरित कार्रवाई की जाएगी।



















