जयपुर। राजधानी के पॉश इलाके अशोक नगर में पुलिस ने एक कार्रवाई करते हुए कैफे की आड़ में चल रहे अवैध हुक्का-बार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से मैनेजर सहित सात युवकों को गिरफ्तार किया है और बड़ी मात्रा में नशीला सामान जब्त किया है।
थानाधिकारी मोतीलाल शर्मा ने बताया कि कमला मार्ग स्थित एक आलीशान बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर संचालित कैफे में अवैध रूप से हुक्का-बार चलाए जाने की मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम ने रात करीब 11 बजे अचानक छापा मारा। कार्रवाई के दौरान कैफे के भीतर कई युवक हुक्के से नशा पार्टी करते पाए गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कैफे मैनेजर और छह अन्य युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य युवकों के चालान काटे गए।पुलिस ने मौके से 24 हुक्के, 23 अलग-अलग फ्लेवर, 51 पाइप और 8 चिलम बरामद की हैं। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि यह अवैध कारोबार कब से फल-फूल रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लिप्त हैं।



















