होटल की छत पर चल रहे अवैध हुक्का बार पर पुलिस का छापा

0
163
Police Launch Major Crackdown on Hookah Bars
Police Launch Major Crackdown on Hookah Bars

जयपुर। जालूपुरा थाना पुलिस ने अवैध हुक्का बार और अवैध हथियारों के खिलाफ रविवार को दो बड़ी कार्रवाइयां करते हुए एक होटल की छत पर संचालित हुक्का बार का भंडाफोड़ किया तथा एक युवक को अवैध कटार के साथ गिरफ्तार किया।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (द्वितीय) बजरंग सिंह के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली) राजेंद्र कुमार मीणा के पर्यवेक्षण में जालूपुरा थानाधिकारी हवासिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस और डीएसटी जयपुर उत्तर की संयुक्त टीम ने एमआई रोड स्थित होटल लेजर इन ग्रांड चाणक्य क्लब नाइट जार रिलोडेड पर छापा मारा।

पुलिस जांच में सामने आया कि होटल की छत पर बने रेस्टोरेंट की आड़ में ग्राहकों को प्रतिबंधित हुक्का परोसा जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 14 हुक्के, 14 चिलम और 14 पाइप नली जब्त की। इसके अलावा 40 पाइप नली, 14 अतिरिक्त चिलम, छह फिल्टर पाइप प्लास्टिक पैकेट, एल्यूमिनियम फॉइल के टुकड़े, 12 चिमटे, एक स्टील चाकू, 56 स्टील हुक्का प्लेट तथा विभिन्न प्रकार के हुक्का फ्लेवर भी बरामद किए गए।

पुलिस ने मौके से हुक्का बार के मैनेजर किशोर सिंह (38) निवासी घासीपुरा, तूंगा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ कोटपा संशोधन अधिनियम की धारा 4ए/21ए के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं हुक्का पीते मिले ग्राहकों के खिलाफ भी कोटपा एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

एक अन्य कार्रवाई में जालूपुरा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी मस्जिद के पास से जुमन (23) निवासी मालदा, पश्चिम बंगाल हाल खानाबदोश जालूपुरा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध धारदार कटार बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here