रेलवे पुलिस चौकी का आरक्षक 70 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
40

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) सवाई माधोपुर इकाई ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए रेलवे पुलिस चौकी लाखेरी रेलवे पुलिस थाना सवाई माधोपुर में पदस्थापित आरक्षक मोहम्मद नदीम कुरेशी को 70 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपी ने रेलवे सामान चोरी के मामले में परिवादी को आरोपी नहीं बनाने की एवज में एक लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी सवाई माधोपुर को परिवादी ने शिकायत दी थी कि रेलवे पुलिस चौकी लाखेरी में रेलवे सामान चोरी के प्रकरण में उसे आरोपी नहीं बनाने का दबाव बनाकर आरक्षक मोहम्मद नदीम कुरेशी रिश्वत के लिए परेशान कर रहा है। परिवादी ने आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़वाने के लिए एसीबी से संपर्क किया।

शिकायत के बाद 25 अगस्त को रिश्वत मांग का गोपनीय सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी ने रेलवे स्टेशन सवाई माधोपुर पर पेशी के दौरान परिवादी को मामले में आरोपी नहीं बनाने की एवज में रिश्वत मांगी। परिवादी के अनुरोध पर आरोपी पहले 80 हजार रुपए और बाद में 70 हजार रुपए लेने पर सहमत हो गया।

सोमवार को आरोपी ने परिवादी से संपर्क कर उसके घर पर रिश्वत की राशि लेने आने की बात कही। इसके बाद एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई आयोजित की। आरोपी जैसे ही परिवादी से 70 हजार रुपए रिश्वत राशि लेते हुए पकड़ा गया, टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here