तम्बाकू का अंत करने की दिशा में भारत की आवाज़ बनेगा राजस्थान: डॉ. राकेश गुप्ता

0
38

जयपुर। तम्बाकू नियंत्रण और तम्बाकू उन्मूलन (Tobacco Endgame) के क्षेत्र में भारत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में राजतोफ़ा के सरंक्षक व वरिष्ठ कैंसर विशेषज्ञ डॉ. राकेश गुप्ता 2 जून 2026 को ऑस्ट्रेलिया के ब्रिसबेन शहर में आयोजित होने वाले प्रथम एशिया पैसिफिक रीजनल टोबैको एंडगेम समिट में भारत के एकमात्र प्रतिनिधि के रूप में भाग लेंगे।

यह प्रतिष्ठित समिट Project Sunset द्वारा आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन पिछले वर्ष आयरलैंड के डबलिन में आयोजित सफल वैश्विक एंडगेम समिट तथा पिछले दो वर्षों में अमेरिका में आयोजित राष्ट्रीय टोबैको एंडगेम समिट्स की श्रृंखला का महत्वपूर्ण अगला चरण है। इस मंच पर एशिया-प्रशांत क्षेत्र के नीति-निर्माता, जनस्वास्थ्य विशेषज्ञ, शोधकर्ता एवं तम्बाकू नियंत्रण कार्यकर्ता एकत्र होकर तम्बाकू-मुक्त भविष्य के लिए रणनीतियों पर विचार-विमर्श करेंगे।

समिट की सह-मेजबानी Centre for Research Excellence in Achieving the Tobacco Endgame (CREATE) द्वारा की जाएगी। इसके सहयोगी संस्थानों में ASH USA, Aspire Aotearoa, Southeast Asia Tobacco Control Alliance (SEATCA), Flinders University तथा The University of Queensland शामिल हैं।

डॉ. राकेश गुप्ता इस अवसर पर भारत में तम्बाकू नियंत्रण, तम्बाकू मुक्त पीढ़ी (Tobacco-Free Generation) तथा तम्बाकू का अंत संबंधी प्रयासों और नीतिगत पहलों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे। उनका चयन इस वैश्विक स्तर के सम्मेलन में भारत के एकमात्र प्रतिनिधि के रूप में होना देश और विशेष रूप से राजस्थान के लिए गर्व का विषय है।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि तम्बाकू से होने वाली बीमारियों और मृत्यु को रोकने के लिए अब केवल नियंत्रण नहीं, बल्कि तम्बाकू के पूर्ण उन्मूलन की दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। एशिया-प्रशांत क्षेत्र में आयोजित यह समिट देशों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान और प्रभावी एंडगेम नीतियों को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में उनकी सहभागिता से राजतोफ़ा द्वारा संचालित तम्बाकू मुक्त पीढ़ी एवं तम्बाकू का अन्त अभियान को नई दिशा और वैश्विक सहयोग मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here