जयपुर। राजस्थान में डीप-टेक स्टार्टअप्स के बढ़ते नेटवर्क को मजबूत करने के लिए सांचीकनेक्ट ने अगले एक साल में राज्य के 100 और स्टार्टअप्स को अपने साथ जोड़ने का लक्ष्य रखा है। वर्तमान में राजस्थान के 134 स्टार्टअप्स सांचीकनेक्ट नेटवर्क का हिस्सा हैं। संगठन का उद्देश्य राजस्थान को एक मजबूत और कनेक्टेड डीप-टेक इनोवेशन हब के रूप में विकसित करना है।
सांचीकनेक्ट भारत के प्रमुख डीप-टेक इनेबलमेंट नेटवर्क में शामिल है। इसके नेटवर्क से 4 हजार से अधिक सक्रिय स्टार्टअप्स, 470 से अधिक निवेशक, 150 से अधिक कॉरपोरेट और 50 से अधिक मेंटर्स जुड़े हैं। संगठन का कहना है कि राजस्थान के कई डीप-टेक संस्थापक प्रतिभा और तकनीकी क्षमता के बावजूद पूंजी, मार्गदर्शन और बड़े उद्यमों से जुड़ाव के अवसरों से सीमित रूप से जुड़ पाते हैं।
सांचीकनेक्ट से लाभान्वित स्टार्टअप्स में जयपुर की कंपनी मिडऑफिस भी शामिल है। कंपनी ने हाल ही में सांचीकनेक्ट की मदद से फंडिंग राउंड में 12 करोड़ रुपए जुटाए हैं। इसके अलावा सांचीकनेक्ट के एसएमई पार्टनर नेटवर्क के माध्यम से कंपनी को कारोबारी संपर्क और नए व्यावसायिक अवसर भी मिल रहे हैं। संगठन इसी मॉडल को राजस्थान के अन्य स्टार्टअप्स तक पहुंचाने की योजना बना रहा है।
सांचीकनेक्ट के सह-संस्थापक एवं सीईओ डॉ. सुनील शेखावत ने कहा कि राजस्थान में उद्यमी प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन संस्थापकों को पूंजी, मार्गदर्शन, बाजार के अवसर और उद्योग जगत के नेटवर्क एक साथ उपलब्ध कराने वाला कनेक्टेड इकोसिस्टम अभी मजबूत करने की जरूरत है। अगले एक साल में स्टार्टअप्स, इनक्यूबेटर्स, एक्सेलरेटर्स, शिक्षण संस्थानों, कॉरपोरेट्स, निवेशकों और सरकारी हितधारकों के साथ साझेदारी बढ़ाने पर काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य राजस्थान को मजबूत डीप-टेक इनोवेशन इकोसिस्टम के रूप में स्थापित करना है, ताकि यहां के स्टार्टअप्स को राज्य से बाहर भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए अवसर मिल सकें।



















