तहसील कार्यालय का वरिष्ठ सहायक और दो दलाल रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
35

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की बांसवाड़ा इकाई ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए बागीदौरा तहसील कार्यालय के वरिष्ठ सहायक योगेन्द्र सिंह भाटी सहित दो निजी व्यक्तियों (दलाल) को 4 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपित वरिष्ठ सहायक के लिए रिश्वत राशि लेने वाले रतनसिंह और विठ्ठल को भी गिरफ्तार किया गया है। एसीबी ने रिश्वत की राशि बरामद कर ली है।

एसीबी के उप अधीक्षक पुलिस रतन सिंह राजपुरोहित के अनुसार परिवादी एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है। कंपनी की ओर से गृह ऋण देने से पहले आवेदकों की रजिस्ट्री को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय से रजिस्टर्ड मॉर्टगेज करवाया जाना आवश्यक होता है। परिवादी ने शिकायत दी कि तहसील कार्यालय बागीदौरा में वरिष्ठ सहायक योगेन्द्र सिंह भाटी दो रजिस्ट्री पत्रावलियों को रजिस्टर्ड मॉर्टगेज करवाकर उपलब्ध कराने के एवज में रिश्वत मांग रहा है।

शिकायत के सत्यापन के दौरान योगेन्द्र सिंह ने दोनों पत्रावलियों के रजिस्टर्ड मॉर्टगेज के लिए प्रति पत्रावली 2 हजार 500 रुपए के हिसाब से कुल 5000 रुपए की रिश्वत मांगी। बातचीत के बाद दोनों पत्रावलियों पर 500-500 रुपए कम करने के बाद 4000 रुपए में सौदा तय हुआ।

मांग की पुष्टि होने के बाद एसीबी के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान योगेन्द्र सिंह ने परिवादी से 4 हजार रुपए अपने परिचित रतनसिंह को देने के लिए कहा। रतनसिंह ने यह राशि विठ्ठल को दी। जिसके बाद एसीबी टीम ने रिश्वत की रकम बरामद कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here