खोले के हनुमान जी मंदिर में धूमधाम से मनाया गया श्री सियाराम जी महाराज का छठी उत्सव

0
31

जयपुर। राजधानी के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री खोले के हनुमान जी मंदिर में इन दिनों भक्ति की बयार बह रही है। मंदिर में आयोजित किए जा रहे श्री सियाराम जी महाराज के पाटोत्सव के अंतर्गत सोमवार को श्री सियाराम जी महाराज का छठी उत्सव अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

उत्सव का मुख्य आकर्षण भजनों और पारंपरिक पदों का गायन रहा। श्री शुक सम्प्रदाय आचार्य पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में भव्य बधाई गायन का आयोजन हुआ। इस दौरान पूरे श्री राम मंदिर परिसर को स्वस्तिक और बांदरवाल से बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

श्री सरस परिकर के प्रवीण बड़े भैया के निर्देशन में गोपाल लाल सैनी सहित अन्य कलाकारों ने श्री सरस निकुंज के पूर्ववर्ती आचार्यों द्वारा रचित मधुर पदों का गायन कर ठाकुरजी को रिझाया। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद सैकड़ों भक्तों ने भी बधाई गायन में हाजिरी लगाई। उत्सव के दौरान माहौल उस समय और भी दिव्य हो उठा जब भक्तों पर फूलों की वर्षा की गई। साथ ही परंपरा के अनुसार सिक्कों, लड्डुओं, खिलौनों और सूखे मेवे की उछाल की गई, जिसे लूटकर प्रसाद रूप में पाकर श्रद्धालु आनंदित हो उठे।

इस अवसर पर श्री नरवर आश्रम सेवा समिति के अध्यक्ष गिरधारी लाल शर्मा, महामंत्री बृजमोहन शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने पूज्य अलबेली माधुरी शरण महाराज का माला व शॉल पहनाकर अभिनंदन किया।

पाटोत्सव के अंतर्गत 24 जून को गंगा माता का 18वां प्राकट्योत्सव मनाया जाएगा। सुबह 6 बजे अभिषेक, 10 बजे षोडशोपचार, अभिषेक, शृंगार, प्रात: 11 बजे राजभोग, 11:30 बजे गंगा माता की विशेष आरती होगी। शाम 7 बजे ओम रावत और मोहन स्वामी के संयोजन में भजन संध्या और रामलला को नौका विहार कराएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here