जयपुर। आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय की भावना को मजबूत करने के लिए उत्कृष्ट, सराहनीय और साहसिक कार्य करने वाले जयपुर पुलिस के छह कांस्टेबलों को अगस्त 2026 के लिए ‘कांस्टेबल ऑफ द मंथ’ सम्मान से नवाजा गया। पुलिस आयुक्तालय में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने सभी जवानों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर सचिन मित्तल ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पहचान और सम्मान मिलने से उनका मनोबल बढ़ेगा। इससे वे और अधिक लगन, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ जनसेवा के लिए प्रेरित होंगे।
आग में घुसकर सात लोगों को बचाया
सुरेश चंद, कांस्टेबल, वैशाली नगर थाना: 10 अगस्त की रात गश्त के दौरान सिरसी रोड स्थित मुस्कान रेजीडेंसी अपार्टमेंट में आग लगने की सूचना मिली। सुरेश चंद तत्काल मौके पर पहुंचे और अपनी जान जोखिम में डालकर अपार्टमेंट से सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें 80 वर्षीय यशोदा जांगिड़ भी शामिल थीं, जिन्हें आग और धुएं के बीच गोद में उठाकर तीसरी मंजिल से सुरक्षित नीचे लाया गया।
55 लंबित मामलों के निस्तारण में सहयोग
राजकिशोर, कांस्टेबल, बजाज नगर थाना: पुलिस मुख्यालय के 60/90 दिवस अभियान के तहत अनुसंधान अधिकारियों का सहयोग करते हुए अगस्त में 55 लंबित प्रकरणों का निस्तारण कराया। इसके अलावा धारा 202 सीआरपीसी की 10 पत्रावलियों और 30 मर्ग प्रकरणों के निस्तारण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
साइबर अपराध की 70 से अधिक शिकायतें सुलझाईं
राजेश जाखड़, कांस्टेबल, शास्त्री नगर थाना: साइबर ठगी के मामले में म्यूल खाताधारक को डिटेन करवाकर मामला दर्ज कराया। महिलाओं और बच्चों से संबंधित साइबर अपराध की चार शिकायतों का निस्तारण किया। समन्वय पोर्टल के 18 नोटिस तामील करवाए और 1930 साइबर पुलिस पोर्टल की 70 से अधिक शिकायतों का त्वरित समाधान कराया।
194 वारंट और 76 समन तामील
राजेश देवंदा, कांस्टेबल, ज्योति नगर थाना: कानून व्यवस्था और न्यायालय संबंधी कार्रवाई में योगदान देते हुए 194 लंबित वारंट और 76 समन की तामील करवाई। साथ ही 10 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कराने में अहम भूमिका निभाई।
बारिश में संभाली यातायात व्यवस्था
रामप्रसाद, कांस्टेबल, यातायात पूर्व: पिंक स्क्वायर के सामने यातायात ड्यूटी के दौरान मूसलाधार बारिश के बावजूद यातायात व्यवस्था सुचारू रखी। आपात स्थिति में एम्बुलेंस को भी तत्काल रास्ता दिलवाया।
वीआईपी ड्यूटी में निभाई जिम्मेदारी
नरेश कुमार राव, कांस्टेबल, रिजर्व पुलिस लाइन: जयपुर में आयोजित वृक्ष सम्मेलन के दौरान वीआईपी ड्यूटी, एस्कॉर्ट, पायलट और पीएसओ को समय पर ड्यूटी स्थल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा हार्डकोर आरोपियों की पेशी और वीआईपी मूवमेंट के दौरान एस्कॉर्ट व्यवस्था को भी जिम्मेदारी से संभाला।



















