जयपुर। राजधानी में अपराधियों के खिलाफ जयपुर पुलिस ने गुरुवार को बड़े स्तर पर विशेष एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाकर 313 अपराधियों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान एक गैंग सदस्य को भी दबोचा गया। पुलिस ने अवैध शराब, हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14 प्रकरण दर्ज किए तथा 173 पव्वे अवैध शराब बरामद की।
पुलिस आयुक्तालय जयपुर में पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देशन और विशेष पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश के सुपरविजन में यह अभियान एक साथ जयपुर उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम के सभी थाना क्षेत्रों में चलाया गया। अभियान का उद्देश्य हार्डकोर अपराधियों, गैंग सदस्यों, हिस्ट्रीशीटरों, वांछित अपराधियों और अन्य असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाना था।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की। अपराधियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, हिस्ट्रीशीटरों और हार्डकोर अपराधियों का सत्यापन किया गया तथा गैंग सदस्यों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी गई। सार्वजनिक स्थानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में विशेष गश्त कर कानून-व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।
पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 14 प्रकरण दर्ज किए। इनमें आबकारी अधिनियम के 10, आर्म्स एक्ट का एक, एनडीपीएस एक्ट का एक तथा आरएनसी एक्ट के दो मामले शामिल हैं। इसके अलावा 173 पव्वे अवैध शराब जब्त की गई।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से धारा 170 बीएनएसएस के तहत 54 लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं न्यायालयों में लंबित 12 स्थायी वारंटों का निस्तारण किया गया और 10 गिरफ्तारी वारंटों की तामील करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में हार्डकोर अपराधियों, गैंग सदस्यों और हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। आवश्यकता पड़ने पर पूछताछ और वैधानिक कार्रवाई भी की गई।
पुलिस ने अवैध शराब, अवैध हथियार, मादक पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाया। जिन थाना क्षेत्रों में अपराधियों की सक्रियता अधिक चिन्हित थी, वहां विशेष टीमें गठित कर लगातार दबिश दी गई और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई।
जयपुर पुलिस के अनुसार विशेष एरिया डॉमिनेशन अभियान अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत चलाए जा रहे निरंतर अभियान का हिस्सा है। भविष्य में भी आमजन की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे।



















