जयपुर। सोमवती अमावस्या पर सोमवार को छोटीकाशी में दान-पुण्य पर जोर रहा। श्रद्धालुओं ने दिवंगत पितृगणों का पुण्य स्मरण करते हुए चावल से भोग लगाया और गाय को रोटी खिलाई। हवन में आहुतियां प्रदान की। मंदिरों में श्रद्धालुओं ने जरुरतमंदों को अनाज और फल का वितरण किया। टोंक रोड सांगानेर, दुर्गापुरा, खोले के हनुमानजी, ढहर के बालाजी सहित अन्य स्थानों की गौशालाओं में गायों को चारा और गुड़ खिलाया गया।
बड़ी संख्या में लोग गलताजी पहुंचे। गोविंद देवजी मंदिर में ठाकुरजी को पंचामृत अभिषेक कर काले रंग की पोशाक धारण कराई गई। ऋतु पुष्पों और चंदन से विशेष श्रृंगार किया गया। दोपहर को जल विहार कराया गया। मंगलवार और बुधवार को भी जल विहार उत्सव होगा।
सरस निकुंज में किया पदगायन:
सुभाष चौक पानो का दरीबा स्थित श्री सरस निकुंज में शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में आचार्य जयंती मनाई गई। ठाकुर राधा सरस बिहारी सरकार का वेदोक्त मंत्रोंच्चार से अभिषेक कर ऋतु पुष्पों से श्रृंगार किया गया। शाम को पदगायन हुआ। वहीं, 27 मई को सुबह नौ से बारह बजे तक शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।