जयपुर। खोह नागोरियान थाना इलाके में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक करीब 10 फीट दूर उछलकर सड़क पर जा गिरा, जबकि बाइक भी दूर जाकर गिरी।
घटना शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे परी सर्किल पर हुई। हादसे के बाद चालक घायल युवक को सड़क पर तड़पता छोड़ थार लेकर फरार हो गया। हालांकि, करीब 5 किलोमीटर दूर टायर फटने के कारण वाहन रुक गया, जिसके बाद चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकला।
थाना प्रभारी ओमप्रकाश मातवा ने बताया कि भरतपुर जिले के अटारी गांव निवासी अशरफ (27) बाइक से आरटीओ की तरफ से जेएनयू अस्पताल की ओर जा रहा था। इसी दौरान ओवरस्पीड थार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अशरफ को तत्काल जेएनयू अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पुलिस ने घटनास्थल से करीब 5 किमी दूर सड़क किनारे खड़ी थार को जब्त कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि हादसे के बाद चालक तेज गति से वाहन भगाकर फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन रास्ते में थार का टायर फट गया। वाहन आगे नहीं बढ़ सका तो चालक उसे छोड़कर भाग निकला। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें थार की तेज रफ्तार और टक्कर का दृश्य कैद हुआ है।
पुलिस फुटेज के आधार पर फरार चालक की तलाश में जुटी है। हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को संभाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।



















