जयपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में पुलिस आयुक्तालय जयपुर (पूर्व) की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम के तहत सांगानेर और बस्सी थाना परिसर में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। डीजीपी—आईजीपी सम्मेलन-2024 की अनुशंसा संख्या-12 की पालना में 5 और 6 अगस्त को आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था से जुड़ी जानकारी दी गई।
इस कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को थाना परिसर का भ्रमण कराया गया। उन्हें थाने के विभिन्न कक्षों, शाखाओं, उपलब्ध संसाधनों और पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों के सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए पुलिस व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
इस अवसर पर अधिकारियों ने विद्यार्थियों को कानून का सम्मान करने, यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन गतिविधियों में सतर्कता रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समाज में शांति, सद्भाव और अनुशासन बनाए रखने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं आपसी विश्वास को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।



















