उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामला: 50 हजार का इनामी डमी अभ्यर्थी गिरफ्तार

0
31

जयपुर। उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 प्रश्नपत्र लीक प्रकरण में राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपए के इनामी डमी अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को फलोदी पुलिस के सहयोग से दस्तयाब किया गया।

एसओजी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि एसओजी थाने में दर्ज प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अशोक कुमार (31) निवासी फलोदी जिला फलोदी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 के दौरान तीनों परीक्षा दिवसों 13, 14 और 15 सितंबर 2021 को विभिन्न अभ्यर्थियों के स्थान पर डमी परीक्षार्थी बनकर लिखित परीक्षा में बैठा था।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने 13 सितंबर को श्याम प्रताप सिंह, 14 सितंबर को श्रवण कुमार गोदारा तथा 15 सितंबर को मदनलाल के स्थान पर परीक्षा देकर संगठित धोखाधड़ी को अंजाम दिया, जिससे संबंधित अभ्यर्थी अवैध रूप से चयनित हुए। इस प्रकरण में तीनों अभ्यर्थियों को पूर्व में गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आरोप-पत्र पेश किया जा चुका है।

अशोक कुमार वर्ष 2024 से फरार था, जिस पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी को न्यायालय में पेश कर 5 फरवरी तक पुलिस अभिरक्षा रिमांड प्राप्त किया गया है। प्रकरण में अब तक 63 प्रशिक्षु उपनिरीक्षक,6 चयनित उपनिरीक्षक सहित कुल 139 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसओजी द्वारा मामले की गहन जांच जारी है और परीक्षा घोटाले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here