नगर निकाय चुनाव में सुभासपा ने भाजपा को दिया समर्थन

0
33

जयपुर। राजस्थान नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को औपचारिक समर्थन देने की घोषणा की है। सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राजस्थान प्रभारी सुभाष चन्द्र यादव और प्रदेश अध्यक्ष विजय सिंह राजभर ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश महासचिव श्रवण कुमार बागड़ी को समर्थन पत्र सौंपा। पार्टी के अनुसार यह निर्णय सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज, अल्पसंख्यक कल्याण, वक्फ एवं हज विभाग के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर तथा राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर के निर्देश पर लिया गया है।

सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राजस्थान प्रभारी सुभाष चन्द्र यादव ने बताया कि सुभासपा भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सहयोगी पार्टी है। राष्ट्रवाद, सामाजिक न्याय, सुशासन और विकास की विचारधारा के अनुरूप राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में भाजपा को समर्थन देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सुभासपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाजपा प्रत्याशियों की सफलता के लिए संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय सहयोग करेंगे।

यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के नए आयाम स्थापित होने और भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों को जनता का समर्थन मिलने का दावा किया। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के नेतृत्व में राजस्थान के नगर निकायों में विकास कार्यों को गति मिलेगी और आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस दौरान दोनों दलों के नेताओं ने गठबंधन की मजबूती, सामाजिक समरसता और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए आगामी नगर निकाय चुनाव में सफलता का विश्वास व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here