जयपुर। मणिपाल हॉस्पिटल के कार्डियोलॉजी विभाग में डॉक्टरों की टीम ने 72 वर्षीय मरीज रती राम का जटिल हृदय उपचार दुर्लभ ‘टावी’ प्रक्रिया के जरिए सफलतापूर्वक किया। इस प्रक्रिया का नेतृत्व वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रशीद अहमद ने किया।
डॉ. अहमद ने बताया कि सामान्यतः टावी प्रक्रिया फेमोरल आर्टरी के जरिए की जाती है, लेकिन मरीज की धमनियों में अत्यधिक कैल्सिफिकेशन और संकुचन के कारण यह संभव नहीं था। ऐसे में टीम ने रेयर ‘एंटिग्रेड अप्रोच’ अपनाते हुए दाईं फेमोरल वेन के माध्यम से हृदय तक पहुंचकर सफल उपचार किया।
उन्होंने बताया कि यह तकनीक हजारों मामलों में से एक में ही उपयोग में आती है और काफी जटिल होती है, जिसके लिए अनुभवी टीम और अत्याधुनिक सुविधाओं की आवश्यकता होती है।
सफल उपचार के बाद मरीज की स्थिति स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। हॉस्पिटल डायरेक्टर रंजन ठाकुर ने इसे संस्थान की उन्नत चिकित्सा क्षमताओं का उदाहरण बताया।




















