50 प्रतिशत पार्टनर बनाने का झांसा देकर 35 लाख रुपए ऐंठे

0
52

जयपुर। श्याम नगर थाना इलाके में हॉस्पिटैलिटी बिजनेस में 50 प्रतिशत पार्टनर बनाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 35 लाख रुपए ऐंठने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने निवेश के बदले मुनाफे का लालच देकर पीड़ित का भरोसा कायम रखा और वर्ष 2021 से 2023 के बीच उससे रकम लेते रहे।

बाद में हिस्सेदारी और मुनाफा नहीं मिलने पर रुपए वापस मांगे तो जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हेड कांस्टेबल कैलाश चंद कुमावत ने बताया कि बाहुबली पथ, श्याम नगर निवासी उदित गौर ने अनिल कॉल, आभा, आदित्य, अरुण और दीक्ष सहित अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार वर्ष 2021 में बिजनेस के सिलसिले में आरोपियों से बातचीत हुई थी। उन्होंने ‘एके हॉस्पिटैलिटी’ नामक बिजनेस में निवेश करने और उसे 50 प्रतिशत का पार्टनर बनाने का भरोसा दिया।

आरोप है कि वर्ष 2021 से 2023 के बीच आरोपियों ने विश्वास में लेकर बैंक खातों के माध्यम से 30.31 लाख रुपए और 4.50 लाख रुपए नकद लिए। काफी समय बीतने के बाद जब पीड़ित ने बिजनेस और मुनाफे के बारे में पूछा तो आरोपी उसे टालते रहे और प्रॉफिट में साझेदारी देने की बात कहते रहे।

पीड़ित के बार-बार कहने के बावजूद पार्टनरशिप, बिजनेस और प्रॉफिट से संबंधित कोई लिखित दस्तावेज नहीं बनाया गया। बाद में पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने रुपए लौटाने से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। धोखे का एहसास होने पर उदित गौर ने श्याम नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब मामले में आरोपों की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here