जयपुर। जयपुर के प्रसिद्ध मोती डूंगरी गणेश मंदिर में महंत के सान्निध्य में बुधवार को सवा लाख मोदकों की झांकी सजाई गई। मंदिर में शाम 6.30 बजे से रात्रि 9 बजे तक मोदक प्रसाद का निःशुल्क वितरण किया गया। मोतीडूंगरी गणेश मंदिर के महंत के अनुसार सवा लाख मोदकों की झांकी के दर्शन सुबह पांच बजे से शुरू हुए देर शाम तक चला। आज के दिन भगवान को बाहर का प्रसाद नहीं चढ़ा।
इस झांकी में 251 किलो के 3 मोदक के अलावा 5 मोदक 51 किलो के, 21 मोदक 21 किलो के, 1100 मोदक 1.25 किलो के और अन्य छोटे मोदकों की झांकी सजाई गई है। इसके अलावा भगवान गणेश को फूलों के झरोखे में विराजमान करवाया। भगवान को इस विशेष अवसर पर मानक और पन्ना जैसे बहुमूल्य रत्न का विशेष मुकुट धारण करवाया गया है।
मोदक बनाने में लगी 14 हजार 500 किलो सामग्री
मोती डूंगरी गणेश मंदिर पर मोदक झांकी के लिए 14 हजार 500 किलो से अधिक सामग्री काम में लाई गई है। इस प्रसाद को बनाने के लिए 2 हजार 500 किलो घी, 3 हजार किलो बेसन, 9 हजार किलो शक्कर और 100 किलो मेवे के लड्डू बनाए गए हैं। इस तरह से अलग-अलग आकार के सवा लाख मोदक भगवान गणेश को अर्पित किए गए हैं। जिसका शाम को प्रसाद के रूप में वितरण किया गया। यह कार्यक्रम 14 से 17 सितंबर तक शाम सात से रात नौ बजे तक आयोजित किया जाएगा।
इसके अलावा मोती डूंगरी गणेश मंदिर में गुरुवार से ध्रुपद गायन की प्रस्तुतियां होंगी। भजन संध्या के दौरान भगवान गणेश के प्रिय ध्रुपद पर ही प्रस्तुतियां की जाएंगी। इसके बाद अगले दो दिन कत्थक नृत्य की प्रस्तुतियां भी होंगी। मंदिर में श्रद्धालुओं के दर्शन की व्यवस्था के लिए बैरिकेडिंग सिस्टम रखा गया है,ताकि सभी श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन कर सकें।